Wednesday, 20 March 2019

जेल का खौफ



















आज हमारे लोग जेल जाने से बहुत खौफ खाते है . उन्हें बताया भी यही गया है कि जेल अपराधियों के लिए ही बनी होती है . लोगो को जेल की चक्की में आटा पीसना पड़ता है .उन्हें यहाँ तमाम यातनाओ से भी रूबरू होना पड़ता है .लेकिन जेल केवल अपराधियों के लिए ही है ,ये भी एकदम से सत्य बात तो नहीं है.मसलन कई बार कुछ बेगुनाह लोग भी जेल में ठूस दिए जाते है . जेल यानी कारागार का सम्बन्ध देश की आजादी और स्वतन्त्रता सेनानियों के साथ भी जडा हुआ है . बल्कि जेल का सम्बन्ध तो भगवान श्री क्रष्ण जी से भी जुडा हुआ है . हमारे लोग अगर जेल नहीं गये होते तो शायद हमारा देश आजाद नही होता . क्रष्ण का जन्म यदि जेल में नही होता तो शायद कंस के आतंक से लोगो को मुक्ति भी नही मिलती. जेल के बारे में आज के जैसा खौफ पहले कम था या ज्यादा , यह पता नही लेकिन लोग जेल जाने को अपने संघर्ष का पर्याय मानते थे . शायद इसीलिए देश के लोकतंत्र पर खतरे के बादल आये जरुर लेकिन आखिर उन्हें जाना पड़ा. 

आज के नवयुवक में वह धार नही है . उसे या तो पढाई के बोझ ने घायल कर दिया है या फिर वह मनोरंजन के साधनों में लिप्त रह कर जन -जीवन से कोसो दूर हो गया है . बिगड़ी हुई व्यवस्था को सुधारने में किसे रूचि है . पढ़ -लिख कर हर कोई पैसा कमाना चाहता है . क्या करे , अब जीवन चक्र ही ऐसा बन चूका है . बगैर पैसे के जीवन बेजान हो चूका है . लेकिन कितना पैसा कोई कमाएगा , खर्च बेहिसाब हो गया है .महंगाई से बचे तो बीमारिया नही छोड़ेगी . आख़िरकार पैसे की खोज में इंसान के जीवन का मोल 2 पैसे का हो गया है . अपने भविष्य के लिए इंसान नम्बर 2 की कमाई को भी ज्यादा मेहनत की कमाई कहता है . कुछ लोग जो खानदानी रईस या राजा -रजवाड़े है उनकी बात अलग है . उन्हें इस जंजाल से छुट मिली है जिसके लिए उन्हें अपने बाप -दादाओ का ऋणी होना चाहिए . बात जेल की थी ,वही आते है .सत्ता का अहंकार बहुत पुरानी बात है और आज तक जीवंत है . अब सवाल है कि सत्ता के अहंकार से या फिर बिगड़ी हुई व्यवस्था के सुधार के खिलाफ जेल कौन जाएगा . जेल अपराधियों के लिए सुधार गृह है तो क्रान्तिकारियो के लिए उनका घर . मगर साहब जेल का खौफ तो चल ही रहा है , और जेलों से लोहा लेने वाले लोग मुट्ठी भर ही है . इसलिए किसी महा परिवर्तन की उम्मीद भी नही कीजिये . 



Sunday, 17 February 2019

पुलवामा अटैक और जेटली जी की बयानबाजी
























अभी कुछ दिन पहले जेटली जी कह रहे थे यदि हमारी सरकार से जनता असंतुष्ट है तो देश भर में कही -कोई जन आन्दोलन क्यों नहीं हुआ .

आदरणीय जेटली जी आपको या तो जन भावनाओ को पढना नहीं आता या आप उसे किसी मजबूरीवश नकारना चाहते होंगे . याद दिला दू ,कुछ ऐसा ही कृत्य आपकी पिछली अटल सरकार ने भी देश की प्याज के आंसू रोने वाली जनता को 'इण्डिया शायनिंग ' के फ्लेवर के साथ पेश किया था . खैर यह इण्डिया शायनिंग किस तरह धडाम हुआ था , वह आप सब जानते है. वापस मूल मुद्दे पर आते है . पुलवामा हमले में देश के लगभग 50 सैनिको के शहीद होने के बाद आज देश भर की सडको में भारी गुस्सा भरा हुआ है , क्या यह गुस्सा भी किसी को नजर नही आ रहा है . जनता में यह नाराजगी मुख्य रूप से पाकिस्तान और वहा बैठे आतंकवादियो पर ही है किन्तु देश की सत्ता पर तो आपकी सरकार काबिज है , अत: नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी भी आपकी ही तो हुई न . अतीत में आपकी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राईक का क्रेडिट लिया हुआ है तो फिर इस नुक्सान की जिम्मेदारी कोई और क्यों लेगा ?

गरीब शहीदों के परिवारों में चल रहा यह मातम काफी ह्रदय विदारक है . उनके मासूम बच्चे और घरो की महिलाए सदमे में है . एकाएक इतनी बड़ी आतंकी वारदात ने देश की जनता को झकझोर सा दिया है .सडको पर हो रहे जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन इसी आक्रोश की प्रतिक्रिया है . क्या यह एक व्रहद जन -आन्दोलन नही है . आज देश का प्रत्येक नागरिक सरकार से पाकिस्तान से तुरंत बदला लेने की मांग कर रहा है और ऐसा क्यों न करे ? आप की राष्ट्रवादी सरकार ने ही तो 1 के बदले 50 पाकिस्तानी सर लाने का वादा किया था . तो यह अवसर अब आ गया है . अगर अबकी बार आप चूके तो फिर यह आपकी एक और ऐतिहासिक भूल होगी .

Thursday, 14 February 2019

कुम्भ

























भाषा में कलश को ही कुंभ कहा जाता है और कुंभ का अर्थ होता है घड़ा. कहा जाता है कि पवित्र नदियों के किनारे लगने वाले इस कुम्भ का संबंध समुद्र मंथन के दौरान अंत में निकले अमृत कलश से जुड़ा हुआ है. प्रचलित कथाओ के अनुसार जब देवता-असुर अमृत कलश को एक- दूसरे से छीन रह थे तब उसकी कुछ बूंदें धरती की 3 नदियों में गिरी थीं. इसलिए ऐसी मान्यता है कि जहां पर ये बूंदें गिरी थी उन्ही स्थानों पर ही कुंभ का आयोजन होता है.और इन 3 नदियों के नाम है:- गंगा, गोदावरी और क्षिप्रा.

इन्ही धार्मिक कथाओ के अनुसार ही अमृत पर अधिकार को लेकर देवता और दानवों के बीच लगातार 12 दिन तक युद्ध हुआ था. जिसे मनुष्यों के 12 वर्षो के समान बताया जाता हैं. इस गणित को आधार मानकर कुंभ भी 12 माने जाते हैं. जिसमे से 4 कुंभ पृथ्वी पर होते हैं और 8 कुंभ देवलोक में होते हैं. अब देवलोक में तो वही स्नान कर पायेगा जो देवलोक जाने के लायक होगा . इसलिए बाकी के 8 कुम्भ हर किसी के बस में तो नहीं ही होंगे .

धर्मिक और आध्यात्मिक मान्यताओ से जुड़े इस कुम्भ ने एक मेले के रूप में अपना स्थान कब बना लिया ,यह कहना मुश्किल है .किन्तु इतिहासकारों के अनुसार इस मेले का प्रथम लिखित प्रमाण महान बौद्ध तीर्थयात्री ह्वेनसांग के लेख से मिलता है जिसमें छठवीं शताब्दी में सम्राट हर्षवर्धन के शासन में होने वाले कुंभ का प्रसंगवश वर्णन किया गया है. हालाँकि समुद्र मंथन के काल और सम्राट हर्षवर्धन के काल के मध्य कुम्भ का वर्णन कही और क्यों नही है ,यह प्रश्न इतिहासकारों के शोध का विषय भी अवश्य होना चाहिए था .

Sunday, 23 December 2018

नोमोफोबिया (NOMOPHOBIA)










स्मार्ट फोन के आने से अब तो लगभग पूरी दुनिया ही इन्सान की मुट्ठी में समा गयी है . हालत ये है कि अब स्मार्ट फोन के चक्कर में लोग अपनी पूजा -पाठ के लिए भी समय नहीं निकाल पा रहे है . किन्तु क्या स्मार्ट फोन का इतना अधिक प्रयोग हमारे जीवन के लिए पूर्ण सुरछित है ? 

हाल में अनेक शोधो से मालुम हुआ है कि यदि कोई व्यक्ति स्मार्टफोन का इस्तेमाल लगातार व अधिक समय तक करता है, तो वह 'नोमोफोबिया' नामक खतरनाक बीमारी से पीड़ित हो सकता है. पुरे विश्व में इस बीमारी के पीड़ितों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है. मोबाईल के अधिक प्रयोग से इस नोमोफोबिया के साथ -साथ कुछ अन्य बीमारिया भी हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है . आइये जानते है इन सबके बारे में एक संछिप्त जानकारी .......

दरअसल स्मार्टफोन की लत को नोमोफोबिया कहते हैं. यह इस बात का फोबिया (डर) है कि कहीं आपका फोन खो न जाए या आपको उसके बिना न रहना पड़े और इस बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति को 'नोमोफोब' कहा जाता है.

दुनियाभर में हुए एक सर्वे में 84 प्रतिशत स्मार्टफोन उपभोक्ताओं ने स्वीकार किया है कि वे एक दिन भी अपने फोन के बिना नहीं रह सकते हैं. स्मार्टफोन की यह लत यानि नोमोफोबिया हमारे शरीर के साथ-साथ हमारे दिमागी सेहत पर भी असर डालती है .

अमेरिका की विजन काउंसिल के सर्वे के अनुसार 70 प्रतिशत लोग मोबाइल स्क्रीन को देखते समय अपनी आंखें सिकोड़ते हैं, यह लछण आगे चलकर कंप्यूटर विजन सिंड्रोम नामक बीमारी के रूप में तब्दील हो सकता है. जिसमें पीड़ित को आंखें सूखने और धुंधला दिखने की समस्या हो जाती है. इसी प्रकार युनाइटेड कायरोप्रेक्टिक एसोसिएशन के मुताबिक लगातार फोन का उपयोग करने पर कंधे और गर्दन झुके रहते हैं.ये झुके गर्दन रीढ़ की हड्डी को प्रभावित करते है. झुकी गर्दन की वजह से ही शरीर को पूरी या गहरी सांस लेने में समस्या होती है और इसका सीधा असर हमारे फेफड़ों पर पड़ता है.

मोबाइल स्क्रीन पर नजरें गड़ाए रखनेवाले लोगों को गर्दन के दर्द की भी काफी आम शिकायत हो जाती है. इस बीमारी को 'टेक्स्ट नेक' का नाम दिया गया है, यह समस्या अक्सर लगातार टेक्स्ट मैसेज भेजने वालों और वेब ब्राउजिंग करने वालों में ज्यादा पाई जाती है. इसी तरह 75 प्रतिशत लोग अपने सेलफोन को बाथरूम में ले जाते हैं, जिससे हर 6 में से 1 फोन पर ई-कोलाई बैक्टीरिया के पाए जाने की आशंका बढ़ जाती है और यह बैक्टीरिया इतना खतरनाक है कि इसकी वजह से डायरिया और किडनी फेल होने की भी आशंका बनी रहती है.

इसके अलावा 2 घंटे तक चेहरे पर लगातार मोबाइल की रौशनी पड़ने से 22 प्रतिशत तक मेलाटोनिन कम हो जाता है. इससे नींद आने में भी काफी मुश्किल हो सकती है यानी ज्यादा देर तक मोबाइल देखने से नींद नहीं आने की समस्या भी हो सकती है. इसलिए नोमोफोबिया और अन्य मोबाईल जनित बीमारियों से बचने हेतु मोबाईल का सुरछित और सीमित प्रयोग दैनिक जीवन में अति आवश्यक है .

Friday, 14 December 2018

शैलेन्द्र



             आज 14 दिसम्बर को हिंदी सिनेमा के प्रमुख गीतकार शैलेन्द्र जी की पुण्यतिथि है . शैलेन्द्र जी का पूरा नाम शंकरदास केसरीलाल शैलेन्द्र था और उनका जन्म 30 अगस्त 1923 को रावलपिंडी पाकिस्तान में हुआ था .

उनके लिखे सभी गीत काफी लोकप्रिय है . कहा जाता है शैलेन्द्र जी एक जन्मजात कवि थे और राज कपूर जी से सम्पर्क में आने के बाद उन्होंने हिंदी फिल्मो के लिए गीत लिखना प्रारम्भ किया था . इससे पहले वह आजादी के लिए कविताएं लिखा करते थे . किन्तु आर्थिक स्थिति बदहाल होने के कारण फ़िल्मी दुनिया में उन्हें काफी सहारा मिला . जिन्दगी में आगे बढने का सहारा मिलते ही उन्होंने भी अपने गीतों से हिंदी फिल्मो को सफलता की अपार ऊंचाइयो पर पहुचा दिया . 

उनके लिखे गीतों में आवारा हूँ (श्री ४२०), रमैया वस्तावैपा (श्री ४२०), मुड मुड के ना देख मुड मुड के (श्री ४२०) ,मेरा जूता है जापानी (श्री ४२०), आज फिर जीने की (गाईड), गाता रहे मेरा दिल (गाईड), पिया तोसे नैना लागे रे (गाईड), क्या से क्या हो गया (गाईड), हर दिल जो प्यार करेगा (संगम), दोस्त दोस्त ना रहा (संगम), सब कुछ सीखा हमने (अनाडी), किसी की मुस्कराहटों पे (अनाडी, सजन रे झूठ मत बोलो खुदा के पास जाना है (तीसरी कसम), दुनिया बनाने वाले (तीसरी कसम) आदि है .

दुनिया को अपने गीतों से सुकून देने वाले शैलेन्द्र आखरी समय में अपनी फिल्म 'तीसरी कसम ' के शुरूआती दौर में असफल होने से काफी दुखी हुए . उन्हें आर्थिक रूप से काफी नुक्सान हुआ और वह गम में डूब गये . उनकी मदद उनके ख़ास दोस्तों ने भी नहीं की . उनके गम को साथ मिला शराब का और फिर इसी गम में वह गुजर गए . लेकिन इत्तेफाक की बात थी कि फणीश्वर नाथ रेणु के उपन्यास पर बनी उनकी फिल्म 'तीसरी कसम ' उनके गुजर जाने के बाद कामयाबी की मंजिल चढ़ गयी . लेकिन तब तक गीतकार अपनी इस कामयाबी के मंजर को देखे बगैर इस दुनिया से बहुत दूर जा चूका था अलबत्ता इस दुनिया में उसके गीतों के बोल उसकी दमदार शख्सियत के वजूद आज भी है .

महान गीतकार को नमन .