Sunday, 18 February 2018

राम क्रष्ण परमहंस



स्वामी राम क्रष्ण परमहंस को संतो की उस श्रेणी में रखा जा सकता है जो असाधारण होते हुए भी समाज के सबसे साधारण व्यक्ति बन कर जिए . ऐसे संतो को उनके प्रतिभाशाली शिष्यों ने देश -दुनिया को बताया अन्यथा उन्हें खुद को प्रसिद्धि दिलाने की कोई चाहत तक नही थी . मसलन सुकरात को प्लेटो , रामानन्द को कबीर और इसी तरह राम क्रष्ण को स्वामी विवेकानन्द जैसे शिष्यों के कारण दुनिया ने बेहतर तरीके से समझा . 


राम क्रष्ण ने धर्म के छेत्र में अनेक प्रयोग किये थे .वह ईश्वर को देखना और महसूस करना चाहते थे . जिसके लिए उन्होंने हिन्दू , मुस्लिम और ईसाई सभी धर्मो के मन्दिर मस्जिद चर्च में जाकर पूजा -अर्चना की . यहाँ तक उन्होंने ईश्वर की एकरूपता को मानकर कभी 5 वक्त की नमाज भी पढ़ी .

ईश्वर को जानने के लिए उनका व्यवहार पागलपन तक पहुच जाता था . जिन्दा रहते ईश्वर प्राप्ति के लिए ही एक बार उन्होंने जन्म से ब्राह्मण होने के अपने अहंकार को नष्ट करने के लिए भी एक प्रयोग किया. वह तत्कालीन समाज में कथित अछूत माने जानेवाले एक परिवार में पहुंचे और उनके घर दासों की तरह सारा काम करने की आज्ञा मांगने लगे. उस परिवार ने भारी पाप लगने के डर से उन्हें ऐसा नहीं करने दिया. लेकिन जब उस परिवार के लोग रात को सो जाते, तो रामकृष्ण उनके घर में घुस जाते और अपने बड़े-बड़े बालों से ही सारा घर झाड़-बुहार डालते थे
.


अपनी साधना और तपस्या से रामकृष्ण को वेदांत के माध्यम से यह समझ में आया कि सारे जीव आत्मतत्व हैं और आत्मा के बीच लिंग का कोई भेद नहीं है. अर्थात स्त्री-पुरुष का भेद तो केवल शरीर के स्तर पर ही है, आत्मा के स्तर पर नहीं. लेकिन यह भी अजीब बात है कि ईश्वर की कल्पना और बाद में उसकी अनुभूति रामकृष्ण ने महिला के रूप में ही की थी . उनके मुंह से जगदम्बा और मां जैसे संबोधन ही निकलते थे. कहते है अपनी पत्नी सारदामणि को भी वे मां ही कहा करते थे. इन दोनों का जब विवाह हुआ था तो रामकृष्ण 22 साल के थे और सारदामणि 5 साल कीं. यानी रामकृष्ण से 17 वर्ष छोटी थी .

रामकृष्ण के सबसे प्रिय शिष्य स्वामी विवेकानंद ने न्यूयॉर्क की एक सभा में अपने गुरु के बारे में एक ओजपूर्ण व्याख्यान दिया था, जो बाद में ‘मेरे गुरुदेव’ के नाम से प्रकाशित भी हुआ था . विवेकानंद ने इसमें कहा था- ‘एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण और आश्चर्यजनक सत्य जो मैंने अपने गुरुदेव से सीखा, वह यह है कि संसार में जितने भी धर्म हैं वे कोई परस्परविरोधी और वैरभावात्मक नहीं हैं- वे केवल एक ही चिरन्तन शाश्वत धर्म के भिन्न-भिन्न भाव मात्र हैं. ...इसलिए हमें सभी धर्मों को मान देना चाहिए और जहां तक हो उनके तत्वों में अपना विश्वास रखना चाहिए.’

इसी सभा में विवेकानंद ने आगे कहा- ‘श्रीरामकृष्ण का संदेश आधुनिक संसार को यही है— मतवादों, आचारों, पंथों तथा गिरजाघरों और मंदिरों की अपेक्षा ही मत करो. प्रत्येक मनुष्य के भीतर जो सार वस्तु अर्थात् ‘धर्म’ विद्यमान है इसकी तुलना में ये सब तुच्छ हैं. पहले इस धर्मधन का उपार्जन करो, किसी में दोष मत ढूंढ़ो, क्योंकि सभी मत, सभी पंथ अच्छे हैं. अपने जीवन के द्वारा यह दिखा दो कि धर्म का अर्थ न तो शब्द होता है, न नाम, न संप्रदाय, बल्कि इसका अर्थ होता है आध्यात्मिक अनुभूति. ...जब तुम दुनिया के सभी धर्मों में सामंजस्य देख पाओगे, तब तुम्हें प्रतीत होगा कि आपस में झगड़े की कोई आवश्यकता नहीं है और तभी तुम समग्र मानवजाति की सेवा के लिए तैयार हो सकोगे. इस बात को स्पष्ट कर देने के लिए कि सब धर्मों में मूल तत्व एक ही है, मेरे गुरुदेव का अवतार हुआ था.’

स्वयं स्वामी रामकृष्ण ने एक बार कहा था- ‘सांप्रदायिक भ्रातृप्रेम के बारे में बातचीत बिल्कुल न करो, बल्कि अपने शब्दों को सिद्ध करके दिखाओ.’ भारत जैसे अनेक धर्मो वालो इस देश को स्वामी रामक्रष्ण परमहंस के दर्शन और व्यवहार की सख्त जरूरत है .


(स्वामी रामक्रष्ण परमहंस अपने प्रमुख शिष्यों विवेकान्द समेत महा समाधि के पश्चात )




इन काउन्टर

गुजरात के सोहराबुद्दीन शेख, इशरत जहां, हाशिमपुरा आदि के बाद मध्यप्रदेश ,हरियाणा समेत राजस्थान में अनेक एनकाउंटर यहाँ की भाजपा सरकारों ने किये है . इसी क्रम में अब उत्तर प्रदेश में भी इनकाउन्टर का भूत चल-फिर रहा है . जाहिर है भाजपा ने गुजरात माडल को इन सभी राज्यों पर लागू किया है . 

इनकाउन्टर के बारे में देश का कानून और सविधान क्या कहता है , ये तो कोई कानून विशेषग्य ही बता पायेगा . फिलहाल समाज शास्त्र के अनुसार कोई अपराधी जन्म से नही पैदा होता है , बल्कि वे हमारे इसी समाज में बनाए जाते है. फूलन देवी इसका प्रत्यछ उदाहरण है . अगर बात रामराज्य की ही की जाए तो महर्षि बाल्मीकि जी को भी यदि सुधरने का अवसर नही मिलता तो 'रामायण ' कौन लिखता ? 

वास्तव में किसी डाक्टर का कर्तव्य मर्ज का इलाज करना होता है न कि रोगी को ही मार देना . इसी प्रकार किसी राज्य की सत्ता को अपराधो को रोकने का सम्भव प्रयास करना चाहिए . हालांकि अपराध मुक्त समाज / राज्य वास्तविकता में होना बिलकुल असम्भव है , ये एक कोरी कल्पना ही हो सकती है . जहा तक अपराधियों को मारने की बात है , देश में कई अपराधो पर कैपिटल पनिशमेंट होने के बावजूद भी वे अपराध कम होने के बजाय बढ़ते ही गये है . इसलिए इन्काउन्टर से अपराध समाप्त हो जायेंगे ये सोचना तर्कसम्मत तो नही है . इन अपराधियों को पकड़ कर उन पर उनके जुर्म की मात्रा के अनुसार अदालत से सजा मिलनी चाहिए और जेल में रह कर उन्हें सुधरने का भी एक अवसर अवश्य मिलना चाहिए . आज का सवाल इसी मुद्दे से जुडा हुआ है . 
क्या इनकाउन्टर करने से समाज अपराध मुक्त हो जाएगा ?

Saturday, 17 February 2018

आँख मारना


सोशल मिडिया से पता चला कि आँख मारना आजकल फिर से काफी वायरल हो गया है . वैसे आँख मारना प्रेम रस के साथ -साथ वीर रस की एक क्रिया मानी जानी चाहिए . आँख मारने के लिए भी हिम्मत तो होनी चाहिए . हालांकि इस कला पर पुरुषो का आधिपत्य रहा है लेकिन कुछ चंचल शोख महिलाये भी इस इस विधा में कुशल होती है . सीधी -साधी सौम्य महिलाये तो पुरुषो से इसी खौफ से नजरे तक नही मिला पाती कि कही उन्हें कोई मनचला आँख न मार दे . मेले और सार्वजनिक समारोहों में इस आँख मारने के विवाद में अक्सर कहा -सुनी देखी जा सकती है . हालांकि एक वक्त वह भी था जब खासतौर पर पुरुष वर्ग इसे लडकियों को छेड़ने या उनसे अपनी प्रेम अभिव्यक्ति को व्यक्त करने के लिए भी इसका सहारा लेते थे . दोनों में अगर सहमती हो गयी तो मुस्कुराहट नही तो सैंडल की मार भी मिल जाती थी . लेकिन यही आँख मारने का काम घर में अगर छोटे बच्चे करते है तो बड़े बुजुर्ग बहुत प्रसन्न होते है . हंसते -हंसते कुछ लोगो के तो आँखों से आंसू तक निकल आते है और पेट में जब तक दर्द नही होता , उनकी हंसी -ठहाका नही रुकती है .

कुछ साल पहले बाबा रामदेव टेलीविजन में योग सिखाते -सिखाते आँख मार जाते थे तब कहा जाता था उनकी आँख में ही कुछ समस्या है . बाबा जी ने भी कभी स्पष्टीकरण नही दिया . लेकिन दर्शक उनके इस कृत्य पर अपनी हंसी आज भी नही रोक पाते है . अनेक हास्य कलाकारों ने तो उनकी नकल उतार कर इस पर कई शो भी कर डाले है . आँख भी बड़ी कमाल की चीज होती है . इसके बगैर कोई शख्स इस फिजा की खूबसूरती का दीदार भी नही कर सकता है . लेकिन कमबख्त चश्मे के कारन इन आखो पर चारदीवारी सी बैठ जाती है . जिनकी नजर कमजोर हो जाती है उन्हें अपनी आँखों की खातिर चश्मे का सहारा लेना ही पड़ता है . 


आँखों से आँखे मिला कर दिल का हाल भी पता चल जाता है . आँख से आंसू न निकलते तो कमबख्त दुःख दर्द भी दिल के अंदर पथरी बन कर बैठ जाते . बात यदि दो आँख तक हो तो फिर भी ठीक है लेकिन सबको पता है तीसरी आँख भी होती है . ये वैसे तो बंद ही रहती है लेकिन जब खुलती है तो सर्वनाश ही होता है . यहाँ आख खुलने और आँख मारने में विरोधाभास है . कही दो आँखों में से एक आँख मारने से कोई घायल होता है तो दूसरी तरफ तीसरी आँख खुलने से खेल ही खत्म हो जाता है . 


मुख्य बात आँख मारने पर वापस आते है , पता नही आँख मारना कोई फूहड़ता है या एक हमारे सामाजिक जीवन की एक अंत : क्रिया , पुरुषो के साथ अब महिलाये भी इस कला में निपुण और निर्भीक हो रही है .

Wednesday, 31 January 2018

संत रविदास (रैदास )





संत रविदास जी के जन्म के विषय में प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध नहीं है इसलिए उनके जन्मदिन के समय को विवादग्रस्त माना जा सकता है किन्तु फिर भी कई विद्वानों ने 1377 AD में वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर नामक स्थान में उनके जन्म की बात को स्वीकार किया है . 

हिंदी साहित्य के स्वर्णकाल माने जाने वाले भक्तिकाल में विभिन्न मतों का निर्धारण निर्गुण और सगुण नामक 2 प्रमुख विचारधाराओ में हुआ था . निर्गुणमत के अनुयायी पुनह आगे दो उपशाखाएँ में विभाजित हो गये : ज्ञानाश्रयी और प्रेमाश्रयी. इसी प्रकार सगुणमत के अनुयायी भी दो उपशाखाएँ में विभाजित थे : रामभक्ति और कृष्णभक्ति. ज्ञानाश्रयी शाखा के अनुयायी निर्गुणवादी थे और ये मिथ्या आडंबरों और रूढियों का विरोध करते थे. संत रविदास जी (रैदास) इसी ज्ञानाश्रयी शाखा के प्रमुख कवि थे. 

संत रविदास की माता कालसा देवी और पिता बाबा संतोख दास जी थे . रविदास के पिता मल साम्राज्य में एक सरपंच थे और खुद जूतों का व्यापार और उसकी मरम्मत का कार्य करते थे. शिछा प्राप्त करने के लिए रविदास पंडित शारदा नंद जी की पाठशाला गये किन्तु ऊंच -नीच के भेदभाव के कारण कुछ उच्च जाति के लोगों द्वारा उन्हें पाठशाला जाने से रोक दिया गया. किन्तु इसके बावजूद भी पंडित शारदानंद ने रविदास को अपनी पाठशाला में दाखिला दे दिया . पंडित शारदा नंद को शीघ्र ही ये आभाष हो गया था कि एक दिन रविदास आध्यात्मिक रुप से प्रबुद्ध और महान सामाजिक सुधारक के रुप में दुनिया भर में जाने जायेंगे . 

इसी पाठशाला में पढ़ने के दौरान रविदास पंडित शारदानंद के पुत्र के मित्र बन गये थे . एक दिन दोनों मित्र एक साथ लुका-छिपी खेल रहे थे, पहली बार रविदास जी जीते और दूसरी बार उनके मित्र की जीत हुयी. अगली बार, रविदास जी की बारी थी लेकिन अंधेरा होने की वजह से दोनों मित्र खेल को पूरा नहीं कर सके और इसे अगले दिन सुबह जारी रखने का फैसला किया. अगली सुबह रविदास जी तो आये लेकिन उनका प्रिय मित्र नहीं आया . वह काफी देर तक इंतजार करने के बाद आखिरकार अपने मित्र के घर गये और देखा कि उनके मित्र के माता-पिता और परिवारीजन रो रहे थे. अपने मित्र के मृत शरीर को देखकर वह हक्का-बक्का रह गये. किन्तु थोड़ी देर में संभलते हुए रविदास ने अपने मित्र से कहा ,' उठो मित्र ,ये सोने का समय नहीं है , ये तो लुका-छिपी खेलने का समय है. रविदास के ये शब्द सुनते ही उनके मित्र फिर से जी उठे. इस आश्चर्यजनक पल को देखने के बाद उनके माता-पिता और पड़ोसी चकित रह गये. कहा जाता है कि रविदास जी बचपन से ही अद्रश्य शक्तियों से युक्त थे.

बचपन से ही रविदास जी बहुत परोपकारी तथा दयालु थे. उन्हें दूसरों की सहायता करने में संतुष्टि मिलती थी . वह साधु-सन्तों को तो अक्सर निःशुल्क जूते भेंट कर दिया करते थे. किन्तु उनके इस स्वभाव के कारण उनके माता-पिता उनसे अप्रसन्न रहते थे. अपने पारिवारिक व्यवसाय से अच्छी तरह जुड़ने के लिये इनके माता-पिता ने इनका विवाह काफी कम उम्र में ही श्रीमती लोना देवी से कर दिया जिससे रविदास जी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुयी. इनके पुत्र का नाम विजयदास था .

पारिवारिक व्यवसाय में संतोषजनक कार्य न होने के कारण इनके पिता ने रविदास तथा इनकी पत्नी को अपने घर से निकाल दिया. अब रविदास जी पड़ोस में ही अपने लिए एक अलग कुटिया बनाकर मेहनत और लगन से अपने व्यवसाय का काम करते थे और शेष समय ईश्वर-भजन तथा साधु-सन्तों के सत्संग में व्यतीत करते थे.

वह लोगों को समानता का संदेश देते थे और कहते थे कि “ ईश्वर ने इंसान बनाया है ना कि इंसान ने ईश्वर बनाया है” अर्थात इस धरती पर सभी को भगवान ने बनाया है इसलिए सभी के अधिकार समान है. वह लोगो को भाईचारे और सच्चाई की राह पर चलने के लिए कहते रहते थे .उस समय समाज में ऊंच -नीच , अप्रश्यता , पाखंड और भेदभाव अपने चरम पर था . रविदास जी सबको समझाते कि कोई भी इंसान अपने जाती और धर्म से महान नही होता है बल्कि वह अपने कर्मो से ही इस दुनिया में अपनी पहिचान बनाता है . रविदास जी समाज के निम्न वर्गो को मन्दिरों में प्रवेश नही दिए जाने से काफी दुखी रहते थे . उन्होंने उस समय समाज में व्याप्त हर तरह की बुराई के बारे में लोगो को जागरूक करने का प्रयत्न किया .

वह एक आम इंसान थे लेकिन उनके विचार संत -महात्माओ की श्रेणी के थे . अनेक राजा-रानिया और समृद्ध लोग उनके बड़े अनुयायी थे लेकिन वो किसी से भी किसी प्रकार का धन या उपहार नहीं स्वीकार करते थे. एक किंवदन्ती के अनुसार एक बार भगवान के द्वारा उनके अंदर एक आम इंसान के लालच को परखा गया. एक साधू रविदास जी के पास एक पत्थर ले कर आये और उसके बारे में एक आश्चर्यजनक बात बतायी कि ये पत्थर किसी भी लोहे को सोने में बदल सकता है. साधू ने रविदास को उस पत्थर को लेने के लिये काफी प्रेरित किया और उनके साधारण झोपड़े की जगह एक बड़े महल बनाने की बात भी कही . लेकिन फिर भी रविदास ने पत्थर को लेने से बिलकुल मना कर दिया. उस साधू ने फिर से पत्थर को रखने के लिये रविदास पर दबाव डाला और कहा कि अच्छा मैं इसे लौटते वक्त वापस ले लूँगा तब तक इसको अपनी झोपड़ी के किसी खास जगह पर रख लीजिये . रविदास जी ने उसकी ये बात मान ली. जब वह साधू कई वर्षों बाद लौटा तो पाया कि वो पत्थर उसी तरह रखा हुआ है. रविदास जी की ऐसी ईमानदारी और सत्यता पर साधू बहुत प्रसन्न हुए और उस कीमती पत्थर को लेकर वह वहाँ से गायब हो गये. रविदास ने हमेशा अपने अनुयायीयों को भी सिखाया कि कभी धन के लिये लालची मत बनो, धन कभी स्थायी नहीं होता, इसके बजाय आजीविका के लिये कड़ी मेहनत करो.


उनके समय में शुद्रों (अस्पृश्य) को ब्राह्मणों की तरह जनेऊ, माथे पर तिलक और दूसरे धार्मिक संस्कारों की आजादी नहीं थी. संत रविदास समाज में अस्पृश्यों के बराबरी के अधिकार के लिये उन सभी निषेधों के खिलाफ थे जो उन पर रोक लगाती थी. उन्होंने वो सभी क्रियाएँ जैसे जनेऊ धारण करना, धोती पहनना, तिलक लगाना आदि निम्न जाति के लोगों के साथ शुरु किया जो उन पर प्रतिबंधित था. अस्पृश्य होने के बावजूद भी जनेऊ पहनने के कारण ब्राह्मणों की शिकायत पर उन्हें राजा के दरबार में बुलाया गया. वहाँ उपस्थित होकर उन्होंने कहा कि अस्पृश्यों को भी समाज में बराबरी का अधिकार मिलना चाहिये क्योंकि उनके शरीर में भी दूसरों की तरह खून का रंग लाल और आत्मा पवित्र होती है.

संत रविदास ने तुरंत अपनी छाती पर एक गहरी चोट की और उस पर चार युग जैसे सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलयुग की तरह सोना, चाँदी, ताँबा और सूती के चार जनेऊ खींच दिये . राजा समेत सभी लोग अचंभित रह गये और उनके सम्मान में सभी उनके चरणों को छूने लगे. राजा बहुत शर्मिंदा था और उन्होंने इसके लिये माफी माँगी. संत रविदास जी जी ने सभी को माफ करते हुए कहा कि जनेऊ धारण करने का ये मतलब नहीं कि कोई भगवान को प्राप्त कर लेता है. उन्होंने जनेऊ निकाला और राजा को दे दिया इसके बाद उन्होंने कभी जनेऊ और तिलक का इस्तेमाल नहीं किया.

रविदास समाज में व्याप्त ऊँच -नीच के सख्त खिलाफ थे .एक बार जब उनको और दूसरे दलितों को पूजा करने के जुर्म में काशी नरेश द्वारा दरबार में कुछ ब्राह्मणों की शिकायत पर बुलाया गया . संत रविदास राजा के दरबार में प्रस्तुत हुए . वहा पर रविदास जी और ब्राह्मण पुजारी को फैसले वाले दिन अपने-अपने इष्ट देव की मूर्ति को गंगा नदी के घाट पर लाने को कहा गया. राजा ने ये घोषणा की कि अगर किसी एक की मूर्ति नदी में तैरेगी तो वो ही सच्चा पुजारी होगा अन्यथा झूठा होगा. दोनों लोग गंगा नदी के किनारे घाट पर पहुँचे और राजा की घोषणा के अनुसार कार्य करने लगे. ब्राह्मण पुजारी हल्के भार वाली सूती कपड़े में लपेटी हुयी भगवान की मूर्ति लाया था वहीं संत रविदास जी 40 कि.ग्रा की चौकोर आकार की भारी मूर्ती लाये थे . राजा के समक्ष गंगा नदी के राजघाट पर इस कार्यक्रम को देखने के लिये काफी भीड़ आई थी. पहला मौका ब्राह्मण पुजारी को दिया गया, पुजारी ने ढ़ेर सारे मंत्र-उच्चारण के साथ मूर्ती को गंगा जी में प्रवाहित किया लेकिन उनकी मूर्ति तो गहरे पानी में डूब गयी. दूसरा मौका संत रविदास का मिला , उन्होंने मूर्ती को अपने कंधों पर लिया और विनम्रता के साथ उसे पानी में रख दिया जो कि पानी की सतह पर तैरने लगी . इस घटना के खत्म होने के बाद ये फैसला हुआ कि ब्राह्मण झूठा पुजारी था और रविदास सच्चे भक्त थे. इस घटना से दलितों को पूजा के लिये मिले अधिकार से खुश होकर सभी लोग लोग रविदास जी के पाँव को स्पर्श करने लगे. तब से, काशी नरेश और कुछ दूसरे लोग जो कि रविदास जी के खिलाफ थे, अब उनका सम्मान और अनुसरण करने लगे. 



एक अन्य किंवदन्ती के अनुसार एक बार पंडित गंगा राम रविदास जी से मिले . वह हरिद्वार में कुंभ उत्सव में जा रहे थे . रविदास जी ने पंडित जी से कहा , आप गंगा माता को ये सिक्का दे दीजीयेगा अगर वो इसे आपके हाथों से स्वीकार करें. पंडित जी ने बड़ी सहजता से इसे ले लिया और वहाँ से हरिद्वार चले गये. वह वहाँ पर नहाये और बगैर सिक्का दिए वापस अपने घर लौटने लगे . थोडा थक जाने पर वह रास्ते में ही बैठ गये और महसूस किया कि वह कुछ भूल रहे हैं, वह दुबारा से नदी के किनारे वापस गये और जोर से चिल्लाए हे गंगा माता ! . इस पर गंगा माँ पानी से बाहर निकली और उनके हाथ से सिक्के को स्वीकार कर लिया . माँ गंगा ने भी संत रविदास के लिये सोने के कँगन भेजे. पंडित गंगा राम घर वापस आये किन्तु वह कँगन रविदास जी के बजाय अपनी पत्नी को दे दिया. एक दिन पंडित जी की पत्नी उस कँगन को बाजार में बेचने के लिये गयी. सोनार ने इन अद्भुत कँगन को राजा और राजा ने रानी को दिखाने का फैसला किया. रानी ने उस कँगन को बहुत पसंद किया और एक और लाने को कहा. राजा ने घोषणा की कि कोई इस तरह के कँगन नहीं रखेगा .अब पंडित अपने किये पर बहुत शर्मिंदा थे क्योंकि उसने रविदास जी को धोखा दिया था. वह रविदास जी से मिला और उनसे माफी के लिये निवेदन किया. रविदास जी ने उससे कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” . ये लो दूसरे कँगन , जो पानी से भरे जल में मिट्टी के बर्तन में गंगा के रुप में यहाँ बह रही है. रविदास जी की इस दैवीय शक्ति को देखकर गंगा राम भी रविदासजी का भक्त बन गया. 


इतिहास के अनुसार बाबर भी संत रविदास की दैवीय शक्तियों से परिचित था और एक दिन वह हुमायुँ के साथ रविदास जी से मिला . रविदास जी के पास पहुचकर उसने पैर छूए किन्तु रविदास जी ने उसे आशीर्वाद देने के बजाय इंसानियत और राजा के कर्तव्यो के बारे में समझाया . इससे बाबर बहुत प्रभावित हुआ और वह दिल्ली और आगरा के गरीबों की सेवा के द्वारा समाज सेवा करने लगा. 


समाज में भाईचारा , बन्धुत्व , समानता और खुशहाली के साथ -साथ सभी भगवान एक है, का पाठ पढाते हुए संत रविदास जी के अनुयायीयों की संख्या बढ़ती ही जा रही थी. दूसरी तरफ, कुछ ब्राह्मण और समाज विरोधी चाटुकार संत रविदास जी को जान से मारने के लिए साजिश भी रच रहे थे . इनके जन्म की तरह इनकी म्रत्यु पर भी विवाद है . हालाँकि, इनके कुछ भक्तों का मानना है कि रविदास जी की मृत्यु प्राकृतिक रुप से 120 या 126 साल में हो गयी थी,और कुछ का मानना है कि उनका निधन वाराणसी में 1540 AD में हुआ था.


संत रविदास जी को मीरा बाई के आध्यात्मिक गुरु के रुप में भी जाना जाता है . मीरा बाई राजस्थान के राजा की पुत्री और चित्तौड़ की रानी थी. वह संत रविदास से बेहद प्रभावित थी और उनकी बहुत बड़ी अनुयायी बनी. 


दोहे 
====

जाति-जाति में जाति हैं, जो केतन के पात।
रैदास मनुष ना जुड़ सके जब तक जाति न जात।।

मन चंगा तो कठौती में गंगा ||

ब्राह्मण मत पूजिए जो होवे गुणहीन।
पूजिए चरण चंडाल के जो होवे गुण प्रवीन!!













Tuesday, 30 January 2018

30 जनवरी












बिरला हाउस में नित्य होने वाली प्रार्थना सभा की और बढ़ते हुए महात्मा गांधी ने अपने साथ चल रही आभा और मनुबेन से हंसी -मजाक के एक प्रसंग पर कहा प्रार्थना सभा में एक मिनट की देरी से भी मुझे चिढ़ है. यह बात करते-करते गांधी प्रार्थना स्थल तक पहुँच चुके थे. प्रार्थना स्थल पहुचते ही गांधी ने लोगों के अभिवादन के जवाब में अपने हाथो को जोड़ लिया. इसी वक्त बाईं तरफ से नाथूराम गोडसे गांधी जी की तरफ झुका तब मनु बहन को लगा कि वह(गोडसे ) गांधी जी के पैर छूने की कोशिश कर रहा है. इस पर आभा ने चिढ़कर कहा कि उन्हें पहले ही देर हो चुकी है, उनके रास्ते में व्यवधान न उत्पन्न किया जाए. लेकिन गोडसे ने मनु को भी धक्का दे दिया इससे उनके हाथ से माला और पुस्तक नीचे गिर गई. फिर जैसे ही मनु उन्हें उठाने के लिए नीचे झुकीं तभी गोडसे ने पिस्टल निकाल ली और एक के बाद एक 3 गोलियां गांधीजी के सीने और पेट में उतार दीं. 

अहिंसा और सत्य के पथ पर चलने वाले इस महामानव के मुंह से जो आखरी शब्द निकले , "राम.....रा.....म." और उनका प्राणविहीन शरीर नीचे की तरफ़ गिरने लगा जिसे आभा ने गिरते हुए उनके सिर को अपने हाथों का सहारा दिया. महामानव इस धरती से विदा हो गया . चारो तरफ हर कोई स्तब्ध था . ये क्या हो गया . 

नाथूराम को जैसे ही पकड़ा गया वहाँ मौजूद माली रघुनाथ ने अपने खुरपे से नाथूराम के सिर पर वार किया जिससे उसके सिर से ख़ून निकलने लगा. उधर गांधी जी की हत्या के कुछ मिनटों के भीतर वायसरॉय लॉर्ड माउंटबेटन वहां पहुंच गए. किसी ने गांधी का स्टील रिम का चश्मा उतार दिया था. मोमबत्ती की रोशनी में गांधी के निष्प्राण शरीर को बिना चश्मे के देख माउंटबेटन उन्हें पहचान ही नहीं पाए. तब किसी ने माउंटबेटन के हाथों में गुलाब की कुछ पंखुड़ियाँ पकड़ा दीं. लगभग शून्य में ताकते हुए माउंटबेटन ने वो पंखुड़ियां गांधी के पार्थिव शरीर पर गिरा दीं. यह भारत के आख़िरी वायसराय की उस व्यक्ति को अंतिम श्रद्धांजलि थी जिसने उनकी परदादी के साम्राज्य का अपने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत से पूरी तरह अंत कर दिया था. 

पूरी दुनिया के मानवता प्रेमी हस्तियों के लिए यह बहुत बड़ा सदमा था . बर्नाड शॉ ने महात्मा गांधी जी की इस दुखद म्रत्यु पर कहा, ''यह दिखाता है कि अच्छा होना कितना ख़तरनाक होता है.'' 

इससे पहले 29 जनवरी शाम को बापू ने डॉ राम मनोहर लोहिया को अपने पास बुलाया था और कहा था कि आज रात तुम हमारे साथ रहोगे , ' कुछ आवश्यक बाते करनी है . डॉ लोहिया जब पहुंचे तो बापू लोंगो से मिलने में व्यस्त थे , किन्तु लोहिया को देखते ही बोले - तुम मेरे कमरे में चलो हम आते हैं . 

30 जनवरी की सुबह जब डॉ लोहिया सोकर उठे तो बापू बरामदे में बैठ कर खतों का जवाब लिख रहे थे. डॉ लोहिया ने पूछा - कल आपने बात करने के लिए बुलाया था ? बापू ने कहा - जब हम कमरे में गए तो तुम बिल्कुल शांत भाव से सो गए थे , इसलिए जगाया नही . चलो आज बात करेंगे . ' 

30 जनवरी को जब डॉ लोहिया बिरला भवन पहुंचे तब तक बापू इस दुनिया से सदा के लिए प्रस्थान कर चुके थे . ' नाथू राम गोडसे ने उनकी दुखद हत्या कर दी थी . बापू की हत्या से आहत और द्रवित डा लोहिया ने देश के विभाजन पर एक पुस्तक लिखी , 'विभाजन के गुनाहगार ' . इस पुस्तक में देश के विभाजन से जुड़े कारणों और उसके गुनाहगारो की तरफ इशारा किया गया है . 

साबरमती के संत और देश की आजादी के सबसे बड़े महानायक को उनकी पुण्यतिथि पर शत -शत नमन .